Friday, May 15, 2026
Home » Blog » दुर्ग में उल्लास साक्षरता परीक्षा आयोजित

दुर्ग में उल्लास साक्षरता परीक्षा आयोजित

316 केंद्रों पर 18 से 85 वर्ष तक के शिक्षार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में उल्लास साक्षरता परीक्षा देते शिक्षार्थी

 दुर्ग. उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान आंकलन परीक्षा का आयोजन जिले में सफलतापूर्वक किया गया। इस परीक्षा में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के उन शिक्षार्थियों को शामिल किया गया, जिन्हें स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा 200 घंटे का प्रशिक्षण देकर साक्षर बनाया गया था।

316 केंद्रों पर परीक्षा

जिले के तीनों विकासखंडों में कुल 316 परीक्षा केंद्र बनाए गए। शिक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया, जिसमें प्रत्येक परीक्षार्थी को 3 घंटे का समय दिया गया।

उत्साह और अनोखे दृश्य

परीक्षा केंद्रों में उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। कहीं तिलक लगाकर तो कहीं फूल-माला और बैंड-बाजे से परीक्षार्थियों का स्वागत किया गया। 18 साल से लेकर 80-85 वर्ष तक के बुजुर्ग भी पूरे उत्साह से परीक्षा देते नजर आए। कई जगह पति-पत्नी, सास-बहू साथ बैठकर परीक्षा देते दिखे, वहीं कुछ महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर परीक्षा देती नजर आईं।

मॉनिटरिंग और निरीक्षण

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला, विकासखंड और संकुल स्तर पर मॉनिटरिंग दल गठित किए गए। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।

प्रमाण पत्र की व्यवस्था

यह परीक्षा एनआईओएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग) द्वारा आयोजित की गई। इसमें सफल शिक्षार्थियों को साक्षरता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रश्नपत्र में पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल से जुड़े प्रश्न शामिल थे।

You may also like