Home » Blog » घर की पुरानी बाई निकली चोर, 20 लाख के सोने-हीरे के आभूषण बरामद

घर की पुरानी बाई निकली चोर, 20 लाख के सोने-हीरे के आभूषण बरामद

पद्मनाभपुर में घरेलू चोरी का 24 घंटे से कम समय में पुलिस ने किया खुलासा

by cgprimenews.com
0 comments
घर से चोरी गए सोने-हीरे के आभूषण बरामद करते पुलिस अधिकारी

दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में घर में चोरी के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे से कम समय में सफल खुलासा करते हुए घरेलू कामकाज करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने विश्वास में लेकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण चोरी किए थे, जिन्हें पुलिस ने विधिवत बरामद कर जप्त कर लिया है।

प्रार्थी ने दर्ज कराई थी चोरी की रिपोर्ट

थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत राहुल जैन, निवासी HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने, पद्मनाभपुर, दुर्ग ने अपने घर से कीमती सोने-हीरे के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026, धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर एक संदेही महिला को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला पहले प्रार्थी के घर में घरेलू कामकाज करती थी और इसी दौरान विश्वास में लेकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी से लाखों के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरे जड़ी सोने की चैन, मंगलसूत्र, नेकलेस, झुमके, चांदी का करधन, पायल और बिछिया सहित अन्य कीमती आभूषण बरामद किए। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।

24 घंटे से कम समय में चोरी का खुलासा

थाना प्रभारी राजकुमार लहरें एवं थाना पद्मनाभपुर स्टाफ की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से यह चोरी का मामला 24 घंटे से कम समय में सुलझा लिया गया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अन्य पहलुओं की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू कामकाज के लिए नियुक्त कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

You may also like