रायपुर। कमिश्नरेट रायपुर पुलिस ने डीडीनगर क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, पुत्री एवं एक नाबालिग सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की शुरुआत 29 सितंबर 2025 को हुई, जब थाना डीडीनगर क्षेत्र में निवासी वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की मृत्यु की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। प्रारंभिक जांच में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटों की पुष्टि की, जिससे हत्या की आशंका स्पष्ट हो गई।
READ MORE – दुर्ग पुलिस लाइन में अग्निशमन दिवस सप्ताह का आयोजन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाया। पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी, बेटी और एक नाबालिग की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि 27 सितंबर 2025 की रात लगभग 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर घर में पारिवारिक विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आक्रोश में आकर आरोपियों ने घर में रखे लकड़ी के डंडे और ईंट से मृतक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। उन्होंने खून के धब्बे साफ किए और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी व ईंट को पास के नाले में फेंक दिया। इसके बाद परिवार को गुमराह करने के लिए यह बताया गया कि मृतक बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गया है और उसे इलाज की आवश्यकता है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
