CG Prime News@भिलाई. Youth Arrested for Performing Stunts on Main Road to Create Instagram Reel दुर्ग जिले के भिलाई पावर हाउस बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर रील बनाते समय तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का वीडियो वायरल हुआ। जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया। वीडियो में दिख रहे युवाओं की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। छावनी थाना पुलिस ने मुख्य मार्ग पर लोगों के साथ अपनी जान जोखिम में डालकर लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। एक बाइक और बुलेट जब्त किया गया है।
दो अलग-अलग अपराध हुए दर्ज
छावनी थाना पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज किया गया है। सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक स्टंट और रील बनाने वालों के विरुद्ध दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जारी रही है।
सोशल मीडिया के माध्यम से मिला वीडियो
छावनी थाना पुलिस ने बताया कि 9 मई को थाना छावनी पुलिस को मोबाइल व्हाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ। जिसमें पावर हाउस बस स्टैंड के पास रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर एक बाइक और बुलेट वाहन चालक द्वारा इंस्टाग्राम रील बनाने के दौरान तेज और लापरवाहीपूर्वक खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए देखा गया।
पुलिस ने जांच के बाद की कार्रवाई
प्राप्त वीडियो के आधार पर थाना छावनी पुलिस द्वारा तत्काल जांच कर वाहन चालकों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आकाश पाण्डेय और रितेश साहू निवासी प्रगति नगर, नेहरू चौक, कैम्प-1 भिलाई बताया। आरोपियों का कृत्य सार्वजनिक मार्ग पर अन्य वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा पाया गया।
मामले में आरोपी आकाश पाण्डेय के विरुद्ध अपराध क्रमांक 307/2026 एवं आरोपी रितेश साहू के विरुद्ध अपराध क्रमांक 308/2026 धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
1. आकाश पाण्डेय, निवासी प्रगति नगर नेहरू चौक, कैम्प-01 भिलाई।
2. रितेश साहू, निवासी प्रगति नगर नेहरू चौक, कैम्प-01 भिलाई।
