भिलाई। Theft of iron worth crores of rupees at Bhilai Steel Plant exposed, huge quantity seized in police raid.भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत अकलोलडी गांव में मंगलवार को पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया। मौके पर मौजूद माल और भारी वाहनों को देखकर पुलिस और जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं।
पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है। साथ ही वहां खड़े करीब एक दर्जन भारी वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों में पोकलेन मशीन, बुलडोजर, ट्रक और चैन माउंटेन जैसे भारी उपकरण शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
भिलाई-3 थाना प्रभारी के मुताबिक ट्रांसपोर्टर संजय सिंह पर BSP के भीतर से ट्रक ड्राइवरों के माध्यम से लोहा चोरी कराने का आरोप है। चोरी का माल अकलोलडी स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में डंप किया जाता था। इसके बाद वहां से लोहे को अन्य स्थानों पर खपाया जाता था।
सूत्रों के अनुसार ब्लू डस्ट परिवहन की आड़ में इस चोरी को अंजाम दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि संयंत्र से निकाला गया भारी लोहा इतना बड़ा था कि उसे बिना क्रेन या भारी मशीनों की मदद से उठाना संभव नहीं था। इससे यह आशंका और गहरा गई है कि चोरी में कई स्तरों पर मिलीभगत हो सकती है।
BSP और FSL टीम भी पहुंची मौके पर
पुलिस की सूचना के बाद BSP प्रबंधन की टीम और एफएसएल अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। बरामद लोहे की मात्रा और भारी मशीनों को देखकर जांच अधिकारी भी चौंक गए। BSP प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच के लिए अलग से टीम गठित कर दी है, जो संयंत्र के अंदर से लेकर बाहरी नेटवर्क तक की पड़ताल करेगी।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस के अनुसार मामले के मुख्य आरोपी ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार हैं। दोनों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तारी के बाद इस संगठित लोहा चोरी गिरोह से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।
