Wednesday, October 14, 2026
Home » Blog » तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 3 युवकों की मौत

जूनापारा पुलिस चौकी के पास हुआ दर्दनाक हादसा, मृतकों की पहचान नहीं, CCTV फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद आसपास के राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सड़क पर शव और क्षतिग्रस्त बाइक पड़े होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर जूनापारा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।


पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेजे गए हैं।

अब तक नहीं हो सकी मृतकों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। युवकों के पास तत्काल ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उनकी पहचान की जा सके। पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में संपर्क कर मृतकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

CCTV से ट्रक चालक की तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए मुख्य मार्गों, आसपास के इलाकों और ढाबों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि CCTV और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

You may also like