Home » Blog » छत्तीसगढ़ के राजेश दवे बने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर, एशिया कप में संभालेंगे जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ के राजेश दवे बने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर, एशिया कप में संभालेंगे जिम्मेदारी

पूर्व रणजी खिलाड़ी और CSCS के पूर्व सचिव राजेश दवे का फिर बढ़ा कद, 2019 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी रह चुके हैं टीम मैनेजर

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@रायपुर. छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) से जुड़े पूर्व सचिव और रणजी खिलाड़ी राजेश दवे को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी महिला T20 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मैनेजर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को राज्य के क्रिकेट जगत में महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

राजेश दवे के पास क्रिकेट प्रशासन और टीम प्रबंधन का लंबा अनुभव है। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ समन्वय बनाने के साथ-साथ टीम से जुड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारियों को संभालने का अनुभव उनके लिए इस टूर्नामेंट में उपयोगी साबित हो सकता है।

2019 में भी संभाल चुके हैं भारतीय टीम की जिम्मेदारी

राजेश दवे इससे पहले भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर की भूमिका निभा चुके हैं। वर्ष 2019 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान उन्होंने टीम मैनेजर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम के साथ काम करने का उनका यह अनुभव आगामी एशिया कप में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


28 अगस्त से UAE में होगा महिला T20 एशिया कप

महिला T20 एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होना है। टूर्नामेंट के मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय टीम को ग्रुप ए में पाकिस्तान, हांगकांग और थाईलैंड के साथ रखा गया है।

30 अगस्त से भारत शुरू करेगा अभियान

भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को हांगकांग से मुकाबला होगा। वहीं 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल 10 और 11 सितंबर को, जबकि फाइनल 13 सितंबर को प्रस्तावित है।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए सम्मान

राजेश दवे की नियुक्ति से भारतीय महिला टीम के प्रबंधन में अनुभव जुड़ने की उम्मीद है। टीम मैनेजर के तौर पर उनकी भूमिका खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और क्रिकेट प्रशासन के बीच समन्वय बनाए रखने की होगी। उनकी नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ के क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। इसे राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट के बढ़ते योगदान और सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।

You may also like