CG Prime News@नेपाल. नेपाल में 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटने और भूस्खलन के बाद आई अचानक बाढ़ से हुई तबाही के बीच अब घटना का वीडियो सामने आया है। टूर गाइड के एक ग्रुप ने तिब्बत में ऊंचाई वाले इलाके से ग्लेशियर टूटने की घटना को कैमरे में रिकॉर्ड किया। वीडियो में नेपाल की सीमा के पास बर्फ से ढके पहाड़ और ग्लेशियर दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही देर बाद ग्लेशियर का करीब 800 मीटर लंबा हिस्सा बर्फ और चट्टानों के साथ टूटकर घाटी की ओर गिरता नजर आता है।

बर्फ और मलबे के साथ नीचे आया पानी
वीडियो में ग्लेशियर टूटने के बाद बड़े पैमाने पर धूल और मलबा पूरे इलाके में फैलता दिखाई देता है। इसके साथ ही पहाड़ों से नीचे की ओर बहता पानी और मलबा भी नजर आता है। घटना के बाद टूर गाइड ग्रुप जब नीचे की ओर पहुंचा तो कई रास्ते बंद मिले। इसके बाद उन्हें इलाके में ग्लेशियर टूटने और भूस्खलन के बाद आई बाढ़ से हुए भारी नुकसान की जानकारी मिली।

320 भारतीयों के लापता होने की जानकारी
नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। दी गई जानकारी के मुताबिक, नेपाल में आपदा से 669 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। करीब 2,500 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। इनमें 320 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। वहीं करीब 400 भारतीयों के अभी तिब्बत में फंसे होने की जानकारी है।
Infosys के CEO भी लापता
आपदा के बाद इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के CEO लक्स गोपीसेटी के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इंफोसिस ने बताया है कि कंपनी अधिकारियों के साथ मिलकर उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रही है और उनके परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है।

हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से 4 भारतीय रेस्क्यू
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल के रसुवा स्थित एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से चार भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। सभी के जल्द काठमांडू पहुंचने की उम्मीद है। रेस्क्यू किए गए भारतीयों में रिपु कुमार, चनेश्वर नरजरी, कृपा शंकर और मोहम्मद मिनहाजुद्दीन शामिल हैं। सीमा क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश और फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी है।
