दुर्ग। पेप्सी कंपनी के मैनेजर एवं उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में वैशालीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 03 अपचारी बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट, चाकू, डंडा एवं स्कूटी वाहन भी जप्त किया है।
रिसोर्ट के बाहर विवाद के बाद हुआ हमला
प्रार्थी रवि रंजन (42 वर्ष), निवासी कैम्प-1, थाना छावनी ने दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना वैशालीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह पेप्सी कंपनी भिलाई के डिस्ट्रीब्यूटर अंकित यादव के सुंदरनगर स्थित गोदाम (के.पी.एस. स्कूल के पीछे, बाबादीप सिंह नगर) में अपने साथियों के साथ बैठा हुआ था। उसी परिसर में स्थित सेलिब्रेशन प्वाइंट रिसोर्ट में एक पार्टी आयोजित थी।
रात्रि लगभग 09:15 बजे कुछ युवक रिसोर्ट के बाहर आपस में झगड़ा एवं गाली-गलौज कर रहे थे। प्रार्थी व उसके साथियों द्वारा रिसोर्ट संचालक से बाहरी लाइट बंद करने का आग्रह किया गया, जिससे आरोपी युवक आक्रोशित हो गए।
जान से मारने की धमकी, वाहनों में तोड़फोड़
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडा, चाकू, पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान बाहर खड़ी बोलेरो पिकअप वाहन का कांच, बुलेट मोटरसाइकिल का वाइजर तथा बिजली मीटर को भी तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया गया।
गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशालीनगर में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4), 109, 190, 191(2), 191(3), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी से पहचान, त्वरित गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन कर आरोपियों की पहचान की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज गुप्ता, योगेश गुप्ता सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन जप्त कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी वैशालीनगर निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, सउनि धर्मेन्द्र देवांगन, प्रआर संतोष शर्मा, आरक्षक कपिल चौधरी एवं रवि कुमार का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी
सूरज गुप्ता उर्फ गोलू- उम्र 26 वर्ष -निवासी – स्टेशन मड़ौदा- थाना नेवई- जिला दुर्ग, योगेश गुप्ता उर्फ बमबम- उम्र 18 वर्ष 03 माह-निवासी – कैम्प-1- वृन्दा नगर- थाना वैशालीनगर, 03 अपचारी बालक
