दुर्ग। पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पेट्रोलियम, एलपीजी गैस, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई।
आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों, गैस सिलेंडरों और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आम नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।
कंट्रोल रूम की स्थापना, हेल्पलाइन जारी
राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक 1800-233-3663 नंबर पर कॉल कर गैस आपूर्ति या कालाबाजारी से जुड़ी जानकारी दे सकते हैं। प्रत्येक जिले में भी कंट्रोल रूम बनाने और नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उर्वरक और आवश्यक सेवाओं पर विशेष ध्यान
किसानों के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पताल, रेलवे, छात्रावास, सैन्य व अर्धसैनिक संस्थानों में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने को कहा गया है।
राज्यभर में कार्रवाई जारी
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 335 स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और 97 एफआईआर दर्ज की गईं। अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
