Monday, November 9, 2026
Home » Blog » कुम्हारी में गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा, 30 बोरा गुटखा जब्त

कुम्हारी में गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा, 30 बोरा गुटखा जब्त

स्टेशन चौक इलाके की फैक्ट्री में सितार कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना पर कार्रवाई, दस्तावेज और टैक्स संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
कुम्हारी में गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा, 30 बोरा गुटखा जब्त

CG Prime News@दुर्ग.GST raid in Kumhari Gutkha factory छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी और रसमड़ा ग्राम खुर्सीडीह में रविवार को सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। स्टेशन चौक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री और गोदाम में टीम ने छापेमारी कर गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। वहीं ग्राम खुर्सीडीह मुर्गी फॉर्म हाउस से 12 बोरी जर्दायुक्त गुटखा और तीन मशीन को जब्त किया है। जीएसटी से जानकारी मिली है कि जर्दायुक्त गुटखा संचालक गुटखा किंग गुरमुख जुमनानी का है। फिलहाल मौके से मिले सामान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

सूचना के आधार पर पहुंची टीम

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल GST इंटेलिजेंस के अधिकारियों को कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार को करीब 10 से 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तीन वाहनों से मौके पर पहुंची। टीम ने परिसर के भीतर मौजूद मशीनों, तैयार माल और अन्य सामग्री की बारीकी से जांच की।

कुम्हारी में गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा, 30 बोरा गुटखा जब्त

कुम्हारी में गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा, 30 बोरा गुटखा जब्त


दो मशीनें और 30 बोरा गुटखा मिला

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनों को जब्त किया। इसके अलावा करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी टीम के हाथ लगा। शुरुआती जानकारी में जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, माल की वास्तविक कीमत और उससे संबंधित कर देनदारी का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

टैक्स रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच

GST इंटेलिजेंस की कार्रवाई सिर्फ तैयार माल और मशीनों की जब्ती तक सीमित नहीं है। टीम गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में GST समेत अन्य कर नियमों के अनुपालन की भी जांच कर रही है। गोदाम में रखे दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य सामग्री का मिलान किया जा रहा है।

सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा गोदाम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम से गुटखा और मशीनें जब्त की गई हैं, वह सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने परिसर में मौजूद अन्य सामान की भी जांच की।

जब्त सामान लेकर रायपुर रवाना हुई टीम

कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम जब्त मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री और दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सेंट्रल GST अधिकारियों की ओर से मामले में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

मुर्गी फार्म पर भी छापा

सेंट्रल जीएसटी की टीम ने दुर्ग के रसमड़ा के पास खुर्सीडीह गांव के एक मुर्गी फार्म पर भी छापा मारा था। मिली जानकारी के अनुसार मुर्गी फार्म से टीम ने 12 बोरी गुटखा और तीन मशीनें जब्त की है। वहीं जीएसटी की टीम को देखकर वहां काम कर रहे कर्मचारी भाग खड़े हुए। यह मुर्गी फार्म संजय देशमुख का है। जिसे दल्लीराजहरा के सब्बीर रजा ने किराए से लिया था। सब्बीर रजा अवैध रुप से यहां गुटखा फैक्ट्री चला रहा था। फिलहाल टीम ने मुर्गी फार्म को सीज कर दिया है।

You may also like