Tuesday, October 20, 2026
Home » Blog » बच्चों से अमानवीयता, खिलौना चोरी का आरोप लगाकर पीटा, फिर किया यौन शोषण

बच्चों से अमानवीयता, खिलौना चोरी का आरोप लगाकर पीटा, फिर किया यौन शोषण

भाटापारा के महारानी चौक मेले की घटना, आरोपी ने बच्चों को धमकाकर वारदात का वीडियो बनवाया

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
बच्चों से अमानवीयता, खिलौना चोरी का आरोप लगाकर पीटा, फिर किया यौन शोषण

CG Prime News@बलौदाबाजार-भाटापारा. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दो नाबालिग बच्चों के साथ गंभीर यौन अपराध का मामला सामने आया है। भाटापारा के महारानी चौक में लगे मेले में खिलौने की दुकान लगाने वाले आरोपी पर बच्चों को खिलौना चोरी के आरोप में पीटने, धमकाने और उनके साथ अप्राकृतिक यौन कृत्य करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी गोवर्धन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

बेल्ट से पीटा और खुलेआम धमकाया

पुलिस के मुताबिक, घटना 28 अगस्त की है। मेले में आरोपी ने दो छोटे बच्चों पर खिलौना चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों बच्चों को पकड़कर बेल्ट से पीटा और गाली-गलौज की। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को ‘भाटापारा का दादा’ बताते हुए बच्चों को धमकाया। इसके बाद उसने दोनों नाबालिगों के साथ गंभीर यौन अपराध किया।

आरोपी के कहने पर बनवाया गया वीडियो

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दौरान आरोपी ने वहां मौजूद एक व्यक्ति से वीडियो बनवाया था। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई। पुलिस ने पीड़ित बच्चों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की।


वीडियो बनाने वाले की भी तलाश

मामले में पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है, जिसने आरोपी के कहने पर घटना का वीडियो बनाया था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो सोशल मीडिया पर किस तरह और किसके माध्यम से वायरल हुआ।

पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

भाटापारा शहर पुलिस ने आरोपी गोवर्धन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग बच्चों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने से जुड़े व्यक्ति की तलाश जारी रखी है। नाबालिग पीड़ितों की पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है।

You may also like