Home » Blog » प्रज्ञान ओझा बने BCCI के नए चीफ सिलेक्टर, अजित अगरकर की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

प्रज्ञान ओझा बने BCCI के नए चीफ सिलेक्टर, अजित अगरकर की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

नई समिति में शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा भी शामिल हैं।

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
प्रज्ञान ओझा बने BCCI के नए चीफ सिलेक्टर, अजित अगरकर की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

CG Prime News@दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष टीम की चयन समिति में बदलाव की जानकारी सामने आई है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को मुख्य चयनकर्ता बनाया गया है। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पोवार को चयन समिति में शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि इस बदलाव के तहत अजित अगरकर की जगह प्रज्ञान ओझा को चेयरमैन की जिम्मेदारी मिलेगी।

नई चयन समिति में कौन-कौन शामिल

मिली जानकारी के अनुसार, पुरुष टीम की चयन समिति में पांच सदस्य होंगे। इसमें प्रज्ञान ओझा चेयरमैन होंगे, जबकि शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार अन्य सदस्य होंगे। चयन समिति की भूमिका भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करने और टीम संयोजन से जुड़े फैसलों में अहम होती है।

प्रज्ञान ओझा का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर

बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। उनके नाम 24 टेस्ट मैचों में 113 विकेट दर्ज हैं। वनडे में उन्होंने 18 मुकाबलों में 21 विकेट हासिल किए, जबकि छह T-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके खाते में 10 विकेट रहे। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर छह विकेट लेना रहा।


प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ओझा का प्रदर्शन भी प्रभावशाली रहा। उन्होंने 108 मैचों में 424 विकेट लिए। वर्ष 2018 में उन्होंने बिहार की ओर से उत्तराखंड के खिलाफ अपना अंतिम प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था।

IPL में डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के लिए खेले

प्रज्ञान ओझा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस की टीमों का हिस्सा रहे। उन्होंने लीग में 92 मैच खेलकर 89 विकेट हासिल किए। वर्ष 2015 के बाद वह IPL में किसी टीम की ओर से नहीं खेले।

रमेश पोवार का क्रिकेट और कोचिंग अनुभव

रमेश पोवार भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी दो अलग-अलग कार्यकाल में संभाल चुके हैं। उन्होंने 2018 में पहली बार यह भूमिका निभाई थी और मई 2021 में दोबारा इस पद पर नियुक्त हुए थे।

जतिन परांजपे की कमेटी ने किया चयन

BCCI के मुताबिक, क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। कमेटी ने BCCI मुख्यालय में आवेदनकर्ताओं की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू किए। इसके बाद रमेश पोवार के नाम पर मुहर लगी।

You may also like