रायपुर। होली पर्व से पूर्व अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभनपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना अभनपुर पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की है।
मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को 01 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि औद्योगिक क्षेत्र अभनपुर के ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति शराब बिक्री के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सेवाराम मेहर (48 वर्ष) निवासी ग्राम बेलर, थाना अभनपुर, जिला रायपुर बताया।
बैग से मिली अवैध शराब
तलाशी के दौरान आरोपी द्वारा छिपाकर रखे काले बैग से 35 पौवा देशी मसाला शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई। कुल 6.300 बल्क लीटर शराब की कीमत लगभग ₹3,500 बताई गई है। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में शराब जब्त कर विधिवत कार्रवाई की।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जांच में आरोपी द्वारा अवैध शराब बिक्री करना पाए जाने पर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
होली को लेकर पुलिस सतर्क
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्यौहार के दौरान अवैध शराब बिक्री, संग्रहण और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी रोकने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
