बलौदाबाजार। थाना पलारी क्षेत्र में मदद के बहाने महिला से दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकली थी महिला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को एक महिला ने थाना पलारी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 24 फरवरी की रात पति से विवाद होने के बाद वह नाराज़ होकर घर से निकल गई थी और ग्राम पारसाभदेर जाने के लिए मदद मांग रही थी। इसी दौरान ग्राम लकड़िया निवासी रविन्द्र भारद्वाज (उम्र 53 वर्ष) ने उसे सहायता देने का भरोसा दिलाया और साथ चलने के लिए तैयार हो गया।
सुनसान स्थान पर वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने सुनसान स्थान का फायदा उठाते हुए महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा। घटना से आहत महिला ने साहस दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
चिकित्सीय परीक्षण व साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) एवं 351(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता और आरोपी दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रविन्द्र भारद्वाज को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को 25 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
