Monday, August 31, 2026
Home » Blog » छत्तीसगढ़ में ESIC हॉस्पिटल के डॉक्टर ने किया सुसाइड, स्टाफ क्वार्टर में लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ में ESIC हॉस्पिटल के डॉक्टर ने किया सुसाइड, स्टाफ क्वार्टर में लगाई फांसी

कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला 30 वर्षीय डॉ. एल्विन वे का शव, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
छत्तीसगढ़ में ESIC हॉस्पिटल के डॉक्टर ने किया सुसाइड, स्टाफ क्वार्टर लगाई फांसी

CG Prime News@कोरबा. Korba ESIC Hospital Doctor Suicide छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन ने आत्महत्या कर ली। 29 अगस्त की शाम उनका शव अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।

बताया गया कि शनिवार सुबह 9 बजे डॉ. एल्विन की ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। स्टाफ ने उन्हें फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 4 बजे तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया।

बाथरूम में रस्सी के फंदे पर मिला शव

घर के बाथरूम में डॉक्टर का शव फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस के मुताबिक, कपड़े टांगने वाले दो हैंगर के बीच रस्सी बांधकर फंदा बनाया गया था। मौके से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी मिले। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने पहले सर्जिकल ब्लेड से हाथ की नस काटने की कोशिश की और इसके बाद फांसी लगाई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।


दो साल से था युवती से प्रेम संबंध

प्रारंभिक पुलिस जांच में आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से संबंध था। दोनों की मुलाकात कोचिंग के दौरान हुई थी। परिवार भी शादी के लिए तैयार बताए जा रहे थे। डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां दो दिन होटल में रुकने के दौरान उन्होंने युवती की मां और भाई से मुलाकात की थी।

12 अगस्त को पालक्काड के एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी दिया गया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। इसके बाद कोरबा लौटने पर डॉक्टर गुमसुम रहने लगे थे।

केरल के पालक्काड के रहने वाले थे

डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई की थी। करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा ESIC अस्पताल में हुई थी। वे अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे। घटना से करीब तीन दिन पहले उन्होंने अपने माता-पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही थी और उन्हें कोरबा बुलाया था। शनिवार को माता-पिता के कोरबा पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

पुलिस ने शुरू की जांच

CSP कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

You may also like