Home » Blog » ट्रेलर की चपेट में दो आरक्षक, एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में दम तोड़ा

ट्रेलर की चपेट में दो आरक्षक, एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रास्ते में दम तोड़ा

बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, ड्यूटी पर जा रहे जवानों की गई जान

by cgprimenews.com
0 comments
बलौदाबाजार में ट्रेलर की टक्कर से क्षतिग्रस्त पुलिस बाइक, सड़क हादसे का दृश्य

बलौदाबाजार। ड्यूटी पर जा रहे दो आरक्षकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना बलौदाबाजार जिले के थाना हथबंद क्षेत्र अंतर्गत उडेला–पौसरी मार्ग पर सामने आई, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक ट्रेलर ने पीछे से बाइक सवार दोनों आरक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया।

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक धर्मेंद्र यादव और आरक्षक प्रशांतधर दीवान मधुबन से बलौदाबाजार की ओर बाइक से ड्यूटी के लिए आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों जवान सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया।

एक की मौके पर मौत, दूसरा रास्ते में तोड़ा दम

हादसे में आरक्षक क्रमांक 377 धर्मेंद्र यादव, वर्तमान पदस्थापना साइबर सेल, निवासी ग्राम परसबोड, थाना साजा, जिला बेमेतरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरक्षक क्रमांक 809 प्रशांतधर दीवान, तैनाती थाना हथबंद, निवासी नवागढ़, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

थाना प्रभारी गोकुल पटेल ने बताया कि घटना की सूचना सुबह लगभग 11 बजे प्राप्त हुई। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है। ट्रेलर चालक की तलाश जारी है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। कर्तव्यनिष्ठ और युवा जवानों की असमय मौत से साथी पुलिसकर्मी गहरे सदमे में हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

You may also like