दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति नगर में बुधवार रात करीब 8:45 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नाबालिग नानू उर्फ छानु कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक शांति नगर का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के समय शक्ति नगर में भोले की बारात निकली हुई थी, जिसे देखने नानू भी मौके पर गया था। (Minor stabbed to death in Mohan Nagar police station area due to old enmity)
बारात के दौरान हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि बारात देखने के दौरान भीड़ में कुछ युवकों से नानू का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल नानू को आसपास के लोगों ने संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार आरोपी हिरासत में, पांचवां फरार
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल पांचवां आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि हत्या के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। चर्चा यह भी है कि नास्तापानी अड्डे पर लम्बे समय से सट्टा चल रहा था। जहां नानू अपना पैसा मांगने गया था। उसी दौरान कहासूनी हुई। चार से पांच आरोपी मिलकर उसकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस जांच में ही स्पष्ट होगा।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद से शक्ति नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। मोहल्ले के लोगों ने सवाल खड़ा कर दिया है कि शक्तिनगर होटल में लम्बे समय से सट्टा पट्टी का कारोबार चल रहा था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। खाइवाल को अभी तक नहीं पकड़ सके। इस घटना को लेकर पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
