Home » Blog » पुरानी वसूली विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

पुरानी वसूली विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

होटल में मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत, दो आरोपी जेल भेजे गए

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी और पुलिस कार्रवाई।

दुर्ग। सिटी कोतवाली दुर्ग थाना क्षेत्र में पुरानी पैसों की वसूली को लेकर हुए आपसी विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले का पूरा घटनाक्रम

दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत एक मर्ग डायरी सिटी कोतवाली दुर्ग को प्राप्त हुई थी। मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर के रूप में हुई, जिसका शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट एवं जांच में यह स्पष्ट हुआ कि होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट दुर्ग में पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद के दौरान हाथ-मुक्कों से की गई मारपीट के कारण लगी गंभीर चोटों से इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई।

हत्या का अपराध दर्ज

जांच के आधार पर सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी प्रशांत राव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान आरोपी प्रशांत राव के मेमोरेंडम के आधार पर दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे को पकड़कर पूछताछ की। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may also like