दुर्ग। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खुर्सीपार पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मुखबिर सूचना पर त्वरित दबिश
दिनांक 28 जनवरी 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत मछली मार्केट, देवर बस्ती के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
30 पौवा शराब और नकद रकम जब्त
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी अमीरो बाघ (35 वर्ष) को अवैध शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी शराब (5400 बल्क लीटर) एवं बिक्री की ₹200 नकद राशि बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹2640 बताई गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना खुर्सीपार में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 37/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के क्रय-विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
