महाविद्यालय में उत्पात और दस्तावेजों को क्षति
भिलाई, 11 दिसंबर 2025। कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर 7 भिलाई नगर में 9 दिसंबर 2025 को परीक्षा फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर के दौरान प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के कार्यालय में पूर्व छात्र आकाश कनौजिया और उसके साथी दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा एवं अन्य छात्रों ने अनाधिकृत प्रवेश कर नारेबाजी और अश्लील गाली-गलौज करते हुए उत्पात मचाया।
शासकीय सम्पत्ति को पहुंची क्षति
आरोपियों ने प्राचार्य के टेबल का काँच तोड़ दिया, दस्तावेज फाड़कर स्याही पोत दी और प्राचार्य को जूते का माला पहनाने का प्रयास किया। प्राचार्य की नेम प्लेट पर स्याही पोतने और कार्यालय में धक्का-मुक्की करने से महाविद्यालय के स्टाफ में भय व्याप्त हो गया।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) बी.एन.एस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 2 आरोपियों—दीपक पाल (23 वर्ष, शंकरपारा सुपेला) और हरदीप पात्रे (22 वर्ष, स्मृति नगर)—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम का योगदान
थाना भिलाई नगर पुलिस ने घटना की त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपीयों को गिरफ्तार किया और महाविद्यालय की शांति बहाल करने में सफलता पाई।
