Home » Blog » शिव महापुराण कथा के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

शिव महापुराण कथा के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

17 से 21 दिसंबर तक नगपुरा में कथा आयोजन, लाखों श्रद्धालुओं को देखते हुए रूट व पार्किंग तय

by cgprimenews.com
0 comments
नगपुरा शिव महापुराण कथा के लिए जारी ट्रैफिक एडवाइजरी

शिव महापुराण कथा को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान

दिनांक 17 दिसंबर 2025 से 21 दिसंबर 2025 तक जिला दुर्ग के ग्राम नगपुरा में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा जी के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का आयोजन प्रस्तावित है। आयोजन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मार्ग और पार्किंग व्यवस्था

यातायात पुलिस द्वारा रायपुर, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांव एवं खैरागढ़ दिशा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रूट एवं पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें तथा वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर कथा स्थल तक पैदल जाएं।

भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित

शिव महापुराण कथा के दौरान संपूर्ण आयोजन क्षेत्र में किसी भी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों के लिए गानियरी, बोरई, शनि मंदिर नगपुरा, कोटनी एवं चीखली चौक (धमधा) की ओर डायवर्जन निर्धारित किया गया है।

VVIP वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

सभी VVIP वाहनों को बायपास मार्ग से पिपरछेड़ी होते हुए नगपुरा चौकी के आगे बाईं ओर स्थित विशेष पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि आयोजन के दौरान जारी ट्रैफिक निर्देशों, रूट डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन कर सहयोग करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से कथा का लाभ ले सकें।

You may also like