Sunday, March 22, 2026
Home » Blog » कोतवाली थाना पहुंचीं छात्राएं, पुलिस कार्यप्रणाली से हुईं अवगत

कोतवाली थाना पहुंचीं छात्राएं, पुलिस कार्यप्रणाली से हुईं अवगत

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान सीसीटीएनएस, बंदीगृह और साइबर सुरक्षा की मिली जानकारी

by cgprimenews.com
0 comments
कोतवाली थाना अंबिकापुर का शैक्षणिक भ्रमण करती शासकीय कन्या विद्यालय की छात्राएँ

अंबिकापुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर की छात्राओं ने थाना कोतवाली का शैक्षणिक एवं जागरूकता भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम का आयोजन डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में किया गया।

थाना परिसर का कराया गया विस्तृत भ्रमण

नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में छात्राओं को थाना कोतवाली परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें थाना के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, शस्त्रागार, बंदीगृह (हवालात), सीसीटीएनएस कक्ष और रोजनामचा संधारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में बताया कि थाना स्तर पर शिकायत कैसे दर्ज की जाती है और आपात स्थिति में पुलिस कैसे कार्य करती है।

कानूनी व सुरक्षा विषयों पर दी गई जानकारी

भ्रमण के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट के प्रावधान, किशोर न्याय अधिनियम (जे.जे. एक्ट), साइबर सुरक्षा और यातायात सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं जैसे महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया।

साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील

अधिकारियों ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने जागरूकता सत्र के दौरान जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान पुलिस अधिकारियों द्वारा सहज और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से किया गया।

आत्मविश्वास और जागरूकता में वृद्धि

इस शैक्षणिक भ्रमण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, विद्यालय की शिक्षिका सुनीता दास, राजेश प्रताप सिंह, साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता सहित अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम से छात्राओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई और वे कानून व सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनीं।

You may also like