Home » Blog » बस्तियों के नुक्कड़ों से शराब भट्ठियों तक पुलिस का सख्त अभियान

बस्तियों के नुक्कड़ों से शराब भट्ठियों तक पुलिस का सख्त अभियान

गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा, दो फरार वारंटी गिरफ्तार, 23 संदिग्धों पर कार्रवाई

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की घेराबंदी और तलाशी

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में विशेष चेकिंग एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया गया, जिसमें गुंडा-बदमाशों, फरार वारंटियों एवं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर सख्त कार्रवाई की गई।

डीसीपी सेंट्रल के निर्देश पर चला विशेष अभियान

डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशानुसार दिनांक 28 जनवरी 2026 की शाम से विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में थाना गंज एवं थाना कोतवाली क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई।

शराब भट्ठियों, अहातों और बस्तियों में घेराबंदी

अभियान के दौरान शराब भट्ठियों, अहातों, प्रमुख बस्तियों के सुनसान मैदानों एवं संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर पुलिस ने घेराबंदी कर तलाशी ली। थाना गंज क्षेत्र में चुना भट्टी रेलवे स्टेशन, प्रभात टॉकीज के पीछे गंजपारा क्षेत्र, शराब ठेकों के आसपास एवं अड्डेबाजी के संभावित स्थानों पर विशेष कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर, चारनाला चौक, टैगोर नगर चौक एवं कोचिंग संस्थानों के आसपास भी पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

दो फरार वारंटी गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने दो फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें

  • हरीश टांडी, निवासी कोतवाली थाना क्षेत्र, जो आर्म्स एक्ट के प्रकरण में स्थायी वारंटी एवं पुराना निगरानीशुदा बदमाश है। इसके विरुद्ध मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।

  • करण साहू, जो आर्म्स एक्ट के एक अन्य प्रकरण में फरार वारंटी था।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

नशेड़ियों व असामाजिक तत्वों पर सख्ती

थाना गंज क्षेत्र के चुना भट्टी, शीतला मंदिर के पीछे एवं अंडरब्रिज के आसपास सुनसान इलाकों में रेड कर नशा करने वाले तत्वों को खदेड़ा गया। उन्हें उनके मोहल्लों के प्रमुख नुक्कड़ों पर ले जाकर कड़ी समझाइश दी गई तथा चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रात्रि गश्त में 23 संदिग्ध पकड़े गए

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार दिनांक 28-29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात सघन रात्रि गश्त की गई। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के राजा तालाब, श्याम नगर एवं ताज नगर इलाके में अड्डेबाजी कर रहे 23 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 03 चाकू एवं 01 तलवार बरामद की गई। सभी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों, नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

You may also like