Home » Blog » रात्रि गश्त के दौरान पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

23 संदिग्धों पर वैधानिक कार्रवाई, चाकू-तलवार भी बरामद

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

रायपुर। शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा रात्रि गश्त के दौरान विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रात्रि गश्त को मुस्तैदी के साथ करने तथा अपराध घटित होने से पूर्व रोकने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

वेस्ट जोन में चला सघन रात्रि अभियान

इसी क्रम में दिनांक 28-29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात्रि पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों सहित पुलिस टीमों द्वारा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन रात्रि गश्त की गई।

सिविल लाइन क्षेत्र में 23 संदिग्ध पकड़े गए

रात्रि गश्त के दौरान थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अड्डेबाजी करते हुए एवं संदिग्ध रूप से घूम रहे कुल 23 व्यक्तियों को पकड़ा गया। इनमें से कुछ संदिग्ध दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों में सवार थे। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 03 चाकू एवं 01 तलवार बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आज़ाद चौक में मोबाइल चेक पोस्ट

इसी प्रकार रात्रि 12:00 बजे से 03:00 बजे तक आज़ाद चौक क्षेत्र में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन चेकिंग की गई। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर आवश्यक पूछताछ की।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी

रात्रि गश्त के दौरान बस स्टैंड, रजबंधा मैदान एवं बोरियाखुर्द कॉलोनी क्षेत्रों में गुण्डा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं लगातार अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक समझाइश और वैधानिक कार्रवाई की।

अपराध रोकथाम के लिए अभियान जारी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि गश्त, मोबाइल चेक पोस्ट एवं विशेष चेकिंग अभियानों के माध्यम से अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।

You may also like