Monday, October 12, 2026
Home » Blog » भिलाई में चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, गोदाम से मिली थी रेलवे पटरी की कटिंग

भिलाई में चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, गोदाम से मिली थी रेलवे पटरी की कटिंग

भिलाई के कृष्णा नगर में निर्माणाधीन मकान से चोरी हुए थे बिजली के तार, 7 बंडल कॉपर वायर और नल की टोटियां

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
भिलाई में चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, गोदाम से मिली थी रेलवे पटरी की कटिंग

CG Prime News@दुर्ग. Scrap dealer arrested in Bhilai for buying stolen goods छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। सुपेला पुलिस ने आरोपी की दुकान पर दबिश देकर चोरी का कॉपर वायर और रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी महात्मा गांधी नगर, पावर हाउस, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

निर्माणाधीन मकान से चोरी हुए थे बिजली के तार

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मोहम्मद आजाद ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बालाजी चौक, कृष्णा नगर में देवांगन होटल के पास स्थित उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात लोगों ने बिजली के वायर, कॉपर वायर के सात बंडल और नल की टोटियां चोरी कर ली थीं। शिकायत के आधार पर सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1423/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(A) और 317(2) के तहत जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कबाड़ी का नाम

विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए लोकेश ठाकुर, समीर कुमार डहरे और दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चोरी के कॉपर वायर को तीन अन्य चोरियों से प्राप्त तारों के साथ मिलाकर कबाड़ी मनोज कुमार गुप्ता को 40 हजार रुपये में बेचने की जानकारी मिली। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित कबाड़ी की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान चोरी का कॉपर वायर और रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मनोज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


सुपेला पुलिस की टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुबोध पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रहलाद सिरमौर और आरक्षक प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबाड़ी कारोबारियों से पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने कबाड़ी व्यवसायियों से अपील की है कि कॉपर वायर, बिजली उपकरण और लोहे का सामान खरीदते समय उसकी वैधता तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच करें। चोरी की सामग्री का खरीदना या बेचना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। पुलिस ने नागरिकों से निर्माणाधीन मकानों और प्रतिष्ठानों में रखी कीमती सामग्री की सुरक्षा करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 या नजदीकी थाने में देने की अपील की है।

You may also like