राजनांदगांव | जिले में छेड़खानी, धमकी और जबरदस्ती शादी करने के लिए पीड़िता को परेशान करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। मामला थाना सोमनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला का है, जहां आरोपी हेमंत साहू (24 वर्ष) द्वारा पिछले चार महीनों से पीड़िता को पीछा कर अश्लील टिप्पणियाँ करने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने की घटनाएँ सामने आई थीं।
प्रार्थना और प्राथमिकी दर्ज
दिनांक 21 जनवरी 2026 को पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी शादी नहीं करने पर आत्महत्या करने की धमकी देता था। इसके आधार पर थाना सोमनी में धारा 296, 351(2), 75(3), 78 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीर प्रकृति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में चिखली पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी की। मुखबीर सूचना पर 25 जनवरी को आरोपी को ग्राम भेड़ीकला चौक में घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।
जुर्म स्वीकार और जेल दाखिल
गिरफ्तार आरोपी हेमंत साहू ने अपने अपराध को स्वीकार किया। पुलिस ने प्राप्त सबूतों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही की और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
उपरोक्त कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, म.प्र.आर. वंदना पटले, प्र.आर. अरुण कुमार नेताम, आर. आदित्य सोलंकी, सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, तामेश्वर भुआर्य और चौकी चिखली स्टाफ का महत्वपूर्ण और सराहनीय योगदान रहा।
