CG Prime News@दिल्ली.Women’s Reservation Amendment Bill महिला आरक्षण से जुड़े बिल और संशोधनों पर PM मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि हमारे देश में जब जब चुनाव आया है उसमें महिलाओं को मिलने वाले इस अधिकार का जिस-जिसने विरोध किया है। उसका हाल बुरे से बुरा किया है। कभी माफी नहीं मिली।
PM ने कहा कि इसलिए जिनको भी इसमें राजनीति की बू आ रही है वो खुद के परिणामों को देख लें। इसी में फायदा है जो नुकसान हो रहा है उससे बच जाओगे। इसलिए इसे राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है। इसलिए हमारी नीयत की खोट को देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी।
पीएम बोले- काले कपड़े वाले नजर का टीका
पीएम मोदी ने कहा- हमारे यहां परंपरा है किसी की नजर न लगे इसके लिए काला टीका लगाते हैं, इसलिए मैं आपका (डीएमके) धन्यवाद करता हूं। दरअसल, पीएम ने डीएमके का नाम लिए बिना जिक्र किया। डीएमके सांसद आज परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे थे।
अखिलेश बोले-बीजेपी नारी को नारा बना रही
इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा- अब भारतीय जनता पार्टी नारी को नारा बनाने की कोशिश कर रही है। जिन्होंने नारी को अपने संगठन में नहीं रखा वे उसके मान सम्मान को कैसे रखेंगे।
बिलों पर चर्चा के लिए 15 घंटे का समय तय
बिलों पर चर्चा के लिए 16 और 17 अप्रैल को 15 घंटे का समय तय किया गया है। कल शाम 4 बजे वोटिंग की जाएगी। संशोधन बिल में लोकसभा सांसदों की संख्या 850 करने का प्रस्ताव है।
अखिलेश यादव को अपना दोस्त कहा
संसद के विशेष सत्र के दौरान केंद्र सरकार ने गुरुवार को लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन बिल पेश किए। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पीच के दौरान अखिलेश यादव को अपना दोस्त कहा। वहीं, राहुल गांधी ने जब के.सी. वेणुगोपाल से कहा कि आपका माइक बंद है, तो स्पीकर ने कहा- माइक सिर्फ आपका बंद होता है। उनका चालू है। इसके बाद दोनों मुस्कुराने लगे।
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने इसका विरोध किया
लोकसभा में बिल पेश होने के तुरंत बाद, कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने इसका विरोध किया। स्पीकर ओम बिरला ने कहा- अभी बिल के इंट्रोडक्शन पर बोलना है। बिल पास थोड़ी हो रहा है। आप बाद में जितने घंटे समय मांगेगे मैं उतने घंटे बोलने के लिए दूंगा। इसके बाद अमित शाह ने खड़े होकर कहा- अभी सदन के सदस्य बिल के मेरिट्स पर कैसे बोल सकते हैं। अभी तकनीकी ऑब्जेक्शन पर ही बोल सकते हैं। उनको भाषण देने का पर्याप्त मौका मिलेगा। आप ज्यादा दयालु हैं। उनको ज्यादा समय दीजिएगा। हम भी कसकर जवाब देंगे।
महिलाओं के लिए आरक्षण का किसी ने कभी विरोध नहीं किया
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, महिलाओं के लिए आरक्षण का किसी ने कभी विरोध नहीं किया। इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसे बार-बार दोहराने का कोई मतलब नहीं है। असली सवाल यह है कि आपने इसे फिर से किस मकसद से उठाया है? इसे इतनी जल्दबाजी में पेश करने और इसे परिसीमन से जोड़ने के पीछे क्या उद्देश्य है? यह देखते हुए कि नई जनगणना जल्द ही होने वाली है, आपको पहले उसका इंतजार करना चाहिए था।
