Home » Blog » सिमगा में मेडिकल दुकान चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

सिमगा में मेडिकल दुकान चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से पकड़ा गया चोर, ₹77 हजार नकद बरामद

by cgprimenews.com
0 comments
सिमगा मेडिकल दुकान चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद नकदी

रायपुर। सिमगा नगर स्थित एक मेडिकल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मेडिकल दुकान के काउंटर में रखे ₹90,000 नगद चोरी किए थे, जिसमें से ₹77,000 नकद पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना सिमगा पुलिस द्वारा की गई।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना से मिली सफलता

दिनांक 03 फरवरी 2026 को प्रार्थी मोहम्मद स्वरूप मेमन, निवासी वार्ड क्रमांक 13 सिमगा, ने थाना सिमगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जयस्तंभ चौक स्थित उसकी हाजी मेडिकल स्टोर्स से 31 जनवरी की रात्रि से 01 फरवरी 2026 के मध्य अज्ञात आरोपी द्वारा ₹90,000 नगद चोरी कर लिए गए हैं। रिपोर्ट पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

बांस की बल्ली से दुकान में घुसा आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। पुलिस ने आरोपी तामेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वह मेडिकल दुकान के पास ही बढ़ई का काम कर रहा था और उसने दुकान मालिक को रात में काउंटर में नगद रखते देखा था। इसी दौरान उसने बांस की बल्ली के सहारे ऊपर चढ़कर दुकान के अंदर प्रवेश कर चोरी की योजना बनाई।

₹77 हजार नकद बरामद

आरोपी ने चोरी की गई रकम में से कुछ राशि खर्च कर दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से शेष ₹77,000 नकद बरामद कर लिए हैं। आरोपी को दिनांक 05 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस की तत्परता से व्यापारी वर्ग को राहत

इस कार्रवाई से सिमगा क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी, लूट एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

आरोपी का विवरण:
तामेश्वर साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम शिवनी, थाना मुजगहन, जिला रायपुर।

You may also like