कबीरधाम। जिले के थाना लोहारा अंतर्गत ग्राम पैलपार में खेत के कुएं से युवक का शव मिलने से मचे हड़कंप के मामले में कबीरधाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पूरी तरह अंधे कत्ल माने जा रहे इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस की तत्परता, तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के चलते हत्या की परतें एक-एक कर सामने आईं।
थाना लोहारा पुलिस ने बताया कि 27 जनवरी को सुमित जैन के खेत स्थित कुएं में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा (25 वर्ष), निवासी ढेकापुर के रूप में हुई। शव के साथ बंधे ईंट-कांक्रीट लगे पत्थर से यह स्पष्ट हो गया कि हत्या कर शव को साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से कुएं में फेंका गया है। इस पर थाना लोहारा में अपराध दर्ज किया गया।
शराब भट्ठी के पास चाकू से हमला कर की हत्या
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच तेज की गई। डीएसपी आशीष शुक्ला के नेतृत्व में टीम को अहम सुराग मिले। 5 जनवरी को थान खम्हरिया स्थित शराब भट्ठी के पास मृतक के साथ पहले मारपीट की गई, फिर चाकू से हमला किया गया। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल से पैलपार मुक्तिधाम ले जाकर लकड़ी के बत्ते से प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद शव को घसीटकर कुएं में फेका
हत्या के बाद शव को घसीटकर कुएं में फेंका गया। पुलिस ने घटनास्थल का रिक्रिएशन कराकर लकड़ी का बत्ता, चाकू, मोटरसाइकिल और रस्सी जप्त की। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि तीन अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की विवेचना जारी है।
