Thursday, February 5, 2026
Home » Blog » रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग के ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण

रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग के ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण

गंभीर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने पुलिस, NHAI, PWD और RTO की पहल

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग पर ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण करती पुलिस और तकनीकी टीम

बलौदाबाजार। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशानुसार उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संजय कुमार साहु के नेतृत्व में किया गया।

तीन वर्षों के दुर्घटना आंकड़ों के आधार पर चयन

भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय द्वारा परिभाषित वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 के दुर्घटना आंकड़ों के आधार पर रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग क्रमांक 130-बी पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम गोडा पुल से गिधौरी के मध्य हुई गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के घटनास्थलों का बारीकी से अध्ययन किया गया।

इन प्रमुख स्थानों का किया गया निरीक्षण

संयुक्त टीम द्वारा घोटिया मोड़, गोडा पुल, डोटोपार चौक, हडहा चौक कसडोल एवं गिधौरी चौक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सड़क की बनावट, दृश्यता, ट्रैफिक दबाव और दुर्घटना के संभावित कारणों का विश्लेषण किया गया।

तकनीकी सुधारों पर दिया गया जोर

निरीक्षण दल में NHAI, PWD और परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे। डी.एस. ठाकुर (सब इंजीनियर), श्रवण ध्रुव (परिवहन विभाग) एवं मनोज मांडले (आई-रेड प्रभारी) की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक सुधारों पर चर्चा की गई।
इनमें रोड डायवर्जन, चेतावनी संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग पेंट, बुल नोज, रंबल स्ट्रिप, सोलर स्टड एवं पोलार्ड पाइप को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया और संबंधित विभागों को सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।

नो-पार्किंग उल्लंघन पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान सड़क पर नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। संबंधित थाना प्रभारियों को ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

लगातार जारी रहेंगे सड़क सुरक्षा प्रयास

इस संयुक्त निरीक्षण में थाना पलारी, कसडोल एवं गिधौरी की पुलिस टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ऐसे निरीक्षण और सुधारात्मक कार्य आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

You may also like