Tuesday, June 16, 2026
Home » Blog » BSP में 90 लाख का लोहा चोरी, मुख्य आरोपी संजय सिंह UP से गिरफ्तार

BSP में 90 लाख का लोहा चोरी, मुख्य आरोपी संजय सिंह UP से गिरफ्तार

पुलिस ने देवरिया (उत्तरप्रदेश) में दबिश देकर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
BSP में 90 लाख का लोहा चोरी, मुख्य आरोपी संजय सिंह UP से गिरफ्तार

CG Prime News@भिलाई. Iron worth 90 lakh stolen from Bhilai steel plant  भिलाई स्टील प्लांट में लोहा चोरी मामले में फरार मुख्य आरोपी संजय सिंह को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने यूपी के देवरिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी संजय सिहं अपराध दर्ज होने के बाद से फरार हो गया था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार स्थान बदलकर रह रहा था। पुलिस टीम ने देवरिया (उत्तरप्रदेश) में दबिश देकर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। विवेचना के दौरान स्क्रैप चोरी में संलिप्तता पाए जाने पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

ट्रकों से हो रहा था चोरी का लोहा परिवहन

पुलिस ने बताया कि 26 मई को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एचआईए हथखोज भिलाई में जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम, कटिंग लोड होना पाया गया।

मशीनरी भी मिली

मौके पर लोहे की प्लेट, बीम कटिंग, अन्य स्क्रैप सामग्री का बड़े पैमाने पर भंडारण पाया गया। साथ ही स्क्रैप की लोडिंग और परिवहन में प्रयुक्त वाहन और मशीनरी भी मौके पर मौजूद थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये है, जप्त की गई। साथ ही परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों एवं मशीनों सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।

यूपी से गिरफ्तार कर दुर्ग लाया

प्रकरण में पूर्व में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी उत्तरप्रदेश में छिपकर रह रहा है। सूचना पर विशेष पुलिस टीम गठित कर उत्तरप्रदेश रवाना किया गया। जांच के दौरान आरोपी का देवरिया में छिपकर रहना पता चला। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उसके ठिकाने पर दबिश देकर घेराबंदी की गई। उसे गिरफ्तार कर दुर्ग लाया गया।

पुलिस ने सात दिन के रिमांड में लिया

विवेचना के दौरान एक अन्य आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा की भी स्क्रैप चोरी प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पूछताछ हेतु 7 दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

1. संजय सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।
2. पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा, उम्र 48 वर्ष, निवासी सड़क नंबर 26, सेक्टर-05, भिलाई।

जब्त सामग्री

1. लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग।
2. स्क्रैप परिवहन और लोडिंग में प्रयुक्त विभिन्न वाहन एवं मशीनरी।
3. कुल अनुमानित जप्त संपत्ति मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये।

 


You may also like