CG Prime News@दुर्ग. Gold biscuit fraud in durg सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर लोगों से रकम ठगने के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रानीतराई थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दूसरे व्यक्ति के साथ मिलकर लोगों को सस्ते में सोना दिलाने का झांसा देता था।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है। ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) और 111 बीएनएस में अपराध दर्ज किया।
मोबाइल नंबर से गाजियाबाद तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी जुटाई। मोबाइल की लोकेशन दूसरे राज्य में मिलने के बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार आवश्यक अनुमति लेकर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लिए रवाना हुई। तकनीकी इनपुट के आधार पर रानीतराई पुलिस ने इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में आरोपी की तलाश की। पुलिस ने विश्वजीत मौर्य को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों से 10 लाख की धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की।

आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी विश्वजीत मौर्य (29) को गाजियाबाद से विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच अभी जारी है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी लोगों को सोने का बिस्किट कम कीमत में दिलाने का लालच देकर अपने विश्वास में लेते थे। इसके बाद इसी लालच के जरिए रकम हासिल कर धोखाधड़ी की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

