CG Prime News@बालोद.Balod Acid Attack case बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी यश कुमार सोनकर का युवती से प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान कोचिंग में पढ़ाई के दौरान हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके इनकार करने के बाद उसने एसिड अटैक की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, यश ने अपने बचपन के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर करीब तीन महीने पहले हमले की योजना बनाई थी। 5 अक्टूबर को करण ने बालोद में छात्रा पर तेजाब फेंका और मौके से फरार हो गया।

बालोद एसिड अटैक का मुख्य आरोपी निकला पुलिसकर्मी का बेटा, लव प्रपोजल ठुकराने पर किया हमला
स्कूल के सामने हुआ हमला, चेहरे पर गंभीर चोट
छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। शहर के स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने पहुंचने पर पहले से मौजूद युवक ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। हमले के बाद युवती चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चेहरा गंभीर रूप से झुलसने के कारण डॉक्टरों ने युवती को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया, जहां उसका उपचार जारी है। छात्रा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में वारदात के बाद सफेद शर्ट पहना एक युवक भागता दिखाई दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी यश सोनकर को संदिग्ध मानकर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यश ने प्रेम संबंध और शादी से इनकार के बाद हमले की साजिश रचने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर साथी करण कुंजाम को भी कोंडागांव से पकड़ा गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, एसिड और कपड़े जब्त
पुलिस ने यश कुमार सोनकर (20), निवासी नेवारीकला, बालोद और करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, बीजापुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड और आरोपियों के घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी यश भी पुलिसकर्मी का बेटा है और उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पदस्थ हैं। मामले की जांच में पुलिस अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

