रायपुर. पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 12 आरोपियों (11 पुरुष, 1 महिला) को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
भारी मात्रा में नशा बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 42 किलोग्राम गांजा, 2200 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 1.53 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹40 लाख आंकी गई है।
मेडिकल स्टोर से अवैध बिक्री
थाना कोतवाली क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर से 1700 अल्प्राजोलम टेबलेट जब्त की गईं। बिना वैध दस्तावेज नशीली दवाइयों की बिक्री करने पर संचालक सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। संबंधित मेडिकल स्टोर को सील करने की प्रक्रिया जारी है।
ट्रेन के जरिए ड्रग्स सप्लाई
थाना गंज क्षेत्र में 2 आरोपियों को एमडीएमए ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ड्रग्स ट्रेन अटेंडर के माध्यम से नागपुर से रायपुर लाई जा रही थी।
अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा
थाना पण्डरी पुलिस ने 5 तस्करों को गिरफ्तार कर 42 किलो गांजा, ₹1 लाख नकद और एक कार जब्त की। जांच में उड़ीसा से महाराष्ट्र तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
अन्य कार्रवाई भी जारी
थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में 500 नशीली टेबलेट के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस के अनुसार कमिश्नरेट लागू होने के बाद अब तक 24 मामलों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब ₹1.72 करोड़ की जब्ती की जा चुकी है।
