Thursday, February 5, 2026
Home » Blog » चिखली पुलिस की कार्रवाई, चाकू के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

चिखली पुलिस की कार्रवाई, चाकू के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

शंकरपुर क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने किया हथियारों के साथ धर-पकड़, आर्म्स एक्ट में भेजे गए जेल

by cgprimenews.com
0 comments
चिखली चौकी पुलिस द्वारा चाकू और गुप्ती के साथ गिरफ्तार आरोपी

राजनांदगांव। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू एवं एक चाकूनुमा गुप्ती बरामद की गई है।

रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04 फरवरी 2026 की रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान चौकी चिखली पुलिस को सूचना मिली कि शंकरपुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास दो युवक चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहे हैं।

मौके से हथियार सहित गिरफ्तार

सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान सेवक कश्यप उर्फ छोटू (22 वर्ष) एवं चंदू उर्फ देव नायक (18 वर्ष 4 माह), दोनों निवासी शंकरपुर, ओपी चिखली, थाना कोतवाली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक धारदार लोहे का चाकू एवं एक चाकूनुमा गुप्ती बरामद की गई।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी

आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार जेल दाखिल किया गया।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध हथियार, गांजा, शराब बिक्री, गुंडा-बदमाशों एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, महिला प्रधान आरक्षक वंदना पटले, आरक्षक सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सौरभ बुराडे, तामेश्वर भुआर्य, नागेश्वर साहू एवं चौकी चिखली स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

You may also like