CG Prime News@भिलाई. दुर्ग जिले के भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लाखों रुपए की चोरी हो गई। करीब 7 नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और गार्ड को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद वे साईं बाबा की मूर्ति पर चढ़े सोने-चांदी के मुकुट और दान पेटी में रखी नकदी और छत्र लेकर फरार हो गए। इधर भिलाई नगर पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है। अनुमान लगाया गया है कि लाखों रुपए की चोरी हुई है।
पहले की मारपीट फिर आंख में बांधा पट्टी
गार्ड ने पुलिस को बताया कि बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए, आंख पर कपड़ा बांध दिया और नाक भी दबा दी। डंडे से पिटाई की गई और उसे कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं और इलाज कराया जा रहा है।
पीछे के घरों में भी चोरी की जानकारी
घरों में भी चोरी का किया प्रयास
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश की गई है। शुरुआती जांच में 7 बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। सभी नकाब पहने हुए थे। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस मामले में CSP सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि साईं मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मेन गेट के पास गार्ड से मारपीट की गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर
बताया जा रहा है कि गेट का ताला तोड़कर चोर मंदिर के अंदर घुसे। गार्ड को काबू में करने के बाद आरोपी मंदिर के अंदर पहुंचे। दान पेटी का ताला तोड़ा और नकदी निकाल ली। साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी ले गए। पुलिस के मुताबिक मंदिर के कई ताले टूटे मिले हैं और दरवाजों को नुकसान पहुंचा है। बड़ी छत्री भी तोड़ी गई, लेकिन भारी होने की वजह से आरोपी उसे ले नहीं जा सके। कई और सामान को ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
