CG PRIME NEWS @भिलाई. Kumhari Kharun Bridge repaired in 15 days, 40-year-old bridge’s lifespan extended by 20 years
कुम्हारी स्थित खारुन नदी पर बना 40 साल पुराना ब्रिज अब पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है। नेशनल हाईवे-53 पर स्थित 200 मीटर लंबे इस ब्रिज पर 1 अप्रैल से मरम्मत कार्य चल रहा था, जिसे रिकॉर्ड 15 दिनों में पूरा कर लिया गया। गुरुवार रात करीब 8:15 बजे से पुल को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया, जिससे हजारों वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
READ MORE – भीषण गर्मी : इस शहर में दोपहर 12 से 4 बजे तक बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल
नई तकनीक से बदला गया एक्सपेंशन
एनएच इंजीनियरिंग टीम के अनुसार, ब्रिज के खराब हो चुके एक्सपेंशन जॉइंट्स को बदलकर नई तकनीक से मजबूत किया गया है, जिससे इसकी आयु लगभग 20 वर्ष बढ़ने का अनुमान है। कुल 18 एक्सपेंशन जॉइंट्स को बदला गया और पूरे पुल का डामरीकरण भी किया गया।
45 हजार से अधिक वाहनों का रोज ट्रैफिक दबाव
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि लगभग 45 हजार वाहनों के दैनिक दबाव को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्सन पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा। रायपुर कमिश्नर संजीव शुक्ला और दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल की संयुक्त रणनीति के तहत व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। पहले दिन 700 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और पूरे मार्ग को सुचारु रूप से डायवर्ट किया गया।
ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि 15 दिनों तक दुर्ग और रायपुर पुलिस ने दिन-रात ड्यूटी निभाई और बिना किसी बड़ी बाधा के मरम्मत कार्य पूरा कराया गया।
