CG Prime News@दिल्ली. Air India Express flight accident in Thailand थाईलैंड में एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट बुधवार दोपहर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। थाई अखबार द नेशन के मुताबिक घटना के बाद कुछ समय के लिए रनवे बंद करना पड़ा। हालांकि विमान में सवार सभी 133 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार विमान के रनवे पर उतरते ही उसका नोज गियर टूट गया। विमान के आगे का पहिया अलग हो गया। फ्लाइट हैदराबाद से फुकेट जा रही थी।
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि 11 मार्च को हमारी हैदराबाद-फुकेट फ्लाइट में फुकेट एयरपोर्ट पर नोज व्हील में दिक्कत आ गई थी।” नोज व्हील एयरक्राफ्ट के लैंडिंग गियर सिस्टम का एक जरूरी हिस्सा होता है।
लैडिंग गियर को हुआ नुकसान
यह फ्लाइट तय समय से पहले फुकेट पहुंच गई थी। विमान का निर्धारित लैंडिंग का समय सुबह 11:40 था, लेकिन यह 11:24 बजे ही उतर गया। बताया जा रहा है कि विमान की लैंडिंग काफी तेज हुई। जिसकी वजह से उसके आगे वाले लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा। पहिया अलग हो जाने की वजह से विमान तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका।

एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट थाईलैंड में दुर्घटनाग्रस्त, हैदराबाद से जा रही थी फुकेट
सात क्रू सदस्य, 131 यात्री और दो बच्चे सवार
एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्थिति को जल्दी काबू में कर लिया। विमान में सात क्रू सदस्य, 131 यात्री और दो बच्चे सवार थे। इस घटना के बाद फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया ताकि विमान को हटाया जा सके और रनवे की सुरक्षा जांच की जा सके। एयरपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB938 हैदराबाद से फुकेट आई थी। यह विमान बोइंग 737-800 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-BWQ है।
रनवे बंद रहने की सूचना जारी
फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने दोपहर 12:08 बजे से शाम 6 बजे तक रनवे बंद रहने की सूचना जारी की। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति संभाली और सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया। एयरपोर्ट ने प्रभावित यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क कर फ्लाइट की स्थिति और यात्रा से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
