Tuesday, June 23, 2026
Home » Blog » सूने मकान में चोरी का खुलासा, 9.54 लाख का माल बरामद

सूने मकान में चोरी का खुलासा, 9.54 लाख का माल बरामद

जांजगीर में साइबर थाना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

by cgprimenews.com
0 comments
जांजगीर में चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी

जांजगीर -चांपा. Janjgir क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Chhattisgarh Police की साइबर थाना और स्थानीय पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें

  • जीत कुमार सूर्यवंशी (22), निवासी तोरवा बिलासपुर

  • गीता प्रसाद साहू (37), निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर

  • सूरज सोनी (34), निवासी गुड़ीपारा खरौद शिवरीनारायण

इसके अलावा मामले में एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

ऐसे दिया चोरी की वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि आरोपी सूने मकानों की रेकी कर चोरी की योजना बनाते थे। 26 फरवरी की रात आरोपी बिलासपुर से स्कूटी पर जांजगीर पहुंचे और नहर किनारे स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया। रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच दीवार फांदकर घर में घुसे और ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। इसके बाद आरोपी वापस बिलासपुर लौट गए और चोरी का माल बेचने की कोशिश की।

9 लाख से अधिक का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी, नगदी राशि और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 9.54 लाख रुपये बताई गई है।

You may also like