बलौदाबाजार। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गिधौरी क्षेत्र में ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से की गई जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए 4 चालकों को पकड़ा गया। सभी मामलों में माननीय न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए कुल ₹40,000 का अर्थदंड अधिरोपित किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चला विशेष चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसे खतरनाक कृत्यों पर रोक लगाना है। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से वाहन जांच की जा रही है।
ब्रेथ एनालाइजर से हुई जांच, मौके पर कार्रवाई
थाना गिधौरी पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें 4 चालक शराब के प्रभाव में पाए गए। मौके पर ही मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को विधिवत जप्त किया गया और चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय का सख्त फैसला, प्रत्येक पर ₹10,000 जुर्माना
दिनांक 27 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय द्वारा सभी 4 प्रकरणों में पृथक-पृथक ₹10,000 का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार पुलिस चौकी करहीबाजार की कार्रवाई में कुल ₹40,000 का जुर्माना वसूल किया गया। न्यायालय के इस फैसले को सड़क सुरक्षा के लिए एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।
