भिलाई। सार्वजनिक स्थान पर आम नागरिकों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक बड़ा धारदार लोहे का चाकू जप्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई
दिनांक 28 जनवरी 2026 को थाना सुपेला को मुखबिर के माध्यम से फोन पर सूचना प्राप्त हुई कि चंद्रा–मौर्या अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर अपने हाथ में बड़ा धारदार चाकू लेकर लोगों को दिखा रहा है और लहराकर आमजन को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सुपेला की पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां एक युवक लोगों को चाकू दिखाकर डरा-धमकाता पाया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू में ले लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रमोद टण्डन के रूप में हुई, जो सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन कर शांति व्यवस्था को भंग कर रहा था।
धारदार चाकू जप्त, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बड़ा धारदार लोहे का चाकू विधिवत जप्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से किसी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सका। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग करने वाले एवं हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, प्रधान आरक्षक योगेश चन्द्राकर, आरक्षक दुर्गेश सिंह एवं रविन्द्र बांधव की भूमिका सराहनीय रही।
