CG Prime News@भिलाई. Bhilai chemical factory fire छत्तीसगढ़ के भिलाई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे 50 से अधिक ड्रम और दो टैंकर इसकी चपेट में आ गए। आग से उठता काला धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए BSP, जिला प्रशासन और रायपुर से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए करीब 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगाई गईं। इसके बावजूद कई घंटे तक लपटें उठती रहीं।
वेल्डिंग के दौरान चिंगारी से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फैक्ट्री के मालिक कमल सेन बताए गए हैं।

भिलाई की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 50 से ज्यादा ड्रम और 2 टैंकर जले, 12 दमकल गाड़ियां जुटीं

केमिकल के ड्रम और टैंकर आग की चपेट में
फैक्ट्री में केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम रखे हुए थे। इसके अलावा केमिकल भरने के लिए पहुंचे दो टैंकर भी आग में जल गए। ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया। फैक्ट्री के अंदर से लगातार धमाकों की आवाजें आने की भी जानकारी सामने आई। आशंका जताई गई कि तेज गर्मी के कारण केमिकल के ड्रम फट रहे थे। इस स्थिति में अंदर जाकर राहत कार्य करना मुश्किल हो रहा था।
नेफ्थलीन की गोलियां बनाने का होता है काम
जानकारी के मुताबिक, श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में नेफ्थलीन का इस्तेमाल कर गोलियां बनाई जाती हैं। इन गोलियों को आमतौर पर अलमारी में कपड़ों को कीड़ों और अन्य नुकसान से बचाने के लिए रखा जाता है। फैक्ट्री में मौजूद रसायनों के कारण आग तेजी से फैलने और धुएं का घना गुबार उठने की आशंका है।

फोम की मदद से आग बुझाने का प्रयास
आग पर नियंत्रण पाने के लिए SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम फोम के 15 डिब्बे लेकर आई और इसकी मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। फैक्ट्री में उपलब्ध फोम आग में खत्म होने के बाद CISF ने भी अतिरिक्त फोम की व्यवस्था करने में सहयोग किया। छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा के मुताबिक, आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है ।
मजदूरों के घायल होने की सूचना, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
घटना के दौरान कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना सामने आई, लेकिन घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की तत्काल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। SDRF के अनुसार, करीब 70 प्रतिशत आग पर काबू पाया जा चुका था। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की विस्तृत जांच हो सकेगी।
