CG Prime News@सरगुजा. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही दो नाबालिग छात्राओं को लिफ्ट देने के बहाने रोकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक छात्रा को कार्यक्रम स्थल पहुंचाने के बजाय सुनसान जगह ले जाकर चार आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आर्केस्ट्रा देखने जा रही थीं दोनों छात्राएं
मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात लुंड्रा में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दो नाबालिग छात्राएं पैदल कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार चार युवकों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की बात कही। दोनों छात्राएं आरोपियों की बात मानकर उनके साथ चली गईं। एक छात्रा बाइक पर बैठी, जबकि दूसरी स्कूटी पर सवार हुई।
एक छात्रा को पहुंचाया, दूसरी को सुनसान जगह ले गए
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बाइक पर बैठी छात्रा को लुंड्रा के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा दिया। वहीं दूसरी छात्रा को स्कूटी से कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद चारों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।

घर पहुंचकर परिजनों को बताई घटना
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन अगले दिन लुंड्रा थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अगासी क्षेत्र से हिरासत में लिया। वहीं चौथे आरोपी को भी देर रात पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार नागेश (19), मंगल राम (24), शैलेन्द्र लकड़ा (29) और एक नाबालिग शामिल है। सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटी और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड और तीनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।

