CG Prime News@दुर्ग. Heroin Chitta Smuggling दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने जुनवानी क्षेत्र में चिट्टा/हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल किया जा रहा Apple कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत 2 लाख 60 हजार 200 रुपये बताई गई है।
जुनवानी में नशीला पदार्थ बेचने की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी को सूचना मिली थी कि जुनवानी से खम्हरिया की ओर जाने वाले क्षेत्र में एक व्यक्ति चिट्टा/हेरोइन बेचने के लिए संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद मोनिस अंसारी (23 वर्ष) बताया। वह मूल रूप से महमूदनगर सरवट मोहल्ला, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में चौहान ग्रीनवैली, जुनवानी क्षेत्र में रह रहा था।
तलाशी में 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार 200 रुपये बताई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 50 हजार रुपये कीमत का Apple मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 2,60,200 रुपये की मशरूका जब्त की है। मामले में अपराध क्रमांक 1494/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट (NDPS ACT) के तहत कार्रवाई की गई।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी चिट्टा/हेरोइन की बिक्री के जरिए आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ग्राहक तलाश रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
