CG Prime News@दिल्ली. Shahzad Bhatti network declared a terrorist organization. केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 16 सितंबर 2026 को जारी गजट अधिसूचना में नेटवर्क को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 35(1)(a) के तहत अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल किया है। पहली अनुसूची में UAPA के तहत घोषित आतंकवादी संगठनों के नाम दर्ज होते हैं।
हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी का आरोप
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, SBN पर सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है। सरकार के अनुसार, नेटवर्क का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और छोटे अपराधों में शामिल लोगों को अपने प्रभाव में लेकर आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करना है। मंत्रालय ने इसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भड़काऊ संदेश फैलाने का आरोप
अधिसूचना में कहा गया है कि नेटवर्क विभिन्न डिजिटल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए भड़काऊ संदेश और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री प्रसारित करता है। गृह मंत्रालय के अनुसार, ऐसी गतिविधियों का इस्तेमाल युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और हिंसक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने में किया जा रहा था।

कई गंभीर कानूनों के तहत दर्ज हैं मामले
सरकार ने SBN से जुड़े लोगों के खिलाफ दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों का भी हवाला दिया है। इनमें UAPA, भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट, एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट, एक्सप्लोसिव्स एक्ट और आईटी एक्ट समेत कई कानूनों के प्रावधान शामिल हैं। अधिसूचना के अनुसार, नेटवर्क के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकवादी और गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज किए गए हैं।
अगस्त में 14 राज्यों में हुई थी बड़ी कार्रवाई
इससे पहले 12 अगस्त को सुरक्षा एजेंसियों ने SBN के खिलाफ 14 राज्यों में व्यापक कार्रवाई की थी। PIB के मुताबिक, इस कार्रवाई में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था और नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक FIR तथा 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां दर्ज की गई थीं। एजेंसियों ने IED, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड समेत अन्य सामग्री बरामद करने की जानकारी दी थी।

