CG Prime News@दुर्ग. Death due to lightning in Durg छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बोरी थाना क्षेत्र के लिटिया चौकी अंतर्गत मोहंदी मोड़ के पास बांध के नजदीक दो युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। घटना शुक्रवार की है।
बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे युवक
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर इलाके में तेज बारिश हो रही थी। करीब 12.30 बजे दो युवक दुर्ग-खैरागढ़ मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। बारिश अचानक तेज होने पर दोनों मोहंदी मोड़ के पास बांध के नजदीक एक पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए।
बिजली गिरने से दोनों युवक बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

गजराज साहू की मौके पर मौत
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 30 वर्षीय गजराज साहू निवासी मोहंदी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक संजय ठाकुर निवासी बुंदेली, जिला राजनांदगांव बताया गया है। संजय का अस्पताल में उपचार जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे से जुड़े परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा होना जोखिम भरा
बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थान पर पेड़ के नीचे खड़ा होना भी जोखिम भरा माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, आकाशीय बिजली के समय पेड़ के नीचे आश्रय लेने से बचना चाहिए और सुरक्षित, बंद स्थान पर जाना चाहिए। मोहंदी में हुए हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। गजराज साहू की मौत की खबर से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं।

