CG Prime News@भिलाई. भिलाई स्टील प्लांट (BSP) परिसर में प्रवेश कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। CISF ने एक व्यक्ति को 20 किलोग्राम कॉपर केबल मोटरसाइकिल में छिपाकर संयंत्र से बाहर ले जाते समय पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सामग्री सहित मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है।
मोटरसाइकिल में छिपाकर ले जा रहा था केबल
पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर 2026 को आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र के भीतर पहुंचा था। आरोप है कि उसने वहां से करीब 20 किलो स्क्रैब कॉपर केबल लिया और उसे मोटरसाइकिल में छिपाकर प्लांट से बाहर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान सीआईएसएफ की नजर उस पर पड़ गई और उसे पकड़ लिया गया।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
11 सितंबर को केऔसुब इकाई, बीएसपी भिलाई की ओर से घटना की रिपोर्ट भिलाई भट्ठी थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल बरामद की गई। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया।

27 हजार की सामग्री जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान निर्मल कुमार (44 वर्ष) के रूप में हुई है। वह वार्ड क्रमांक 19-01, स्कूल पारा सकरौद, थाना रनचिराई, जिला बालोद का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से 20 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर केबल, एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AW 2616 और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 27 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी को 11 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी इंचार्ज सउनि भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

