Saturday, August 15, 2026
Home » Blog » सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच YPS चौक के पास टकराव; जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की भी मांग, 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

CG Prime News@चंडीगढ़/मोहाली. Punjab News Chandigarh Protest पंजाब की जेलों में सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार को मोहाली और चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में प्रदर्शनकारी पंजाब से चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस की ओर मार्च कर रहे थे। YPS चौक के पास पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी।

प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसमें कुछ जवान घायल हुए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी पीछे हट गए।

सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने चलाया वाटर कैनन


ट्रैक्टर से बैरिकेड तोड़ने की कोशिश

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से पुलिस की बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। चंडीगढ़-मोहाली के बीच आवाजाही वाले प्रमुख रास्तों को बंद कर दिया गया और भारी वाहनों की मदद से रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई। मौके पर DC निशांत यादव, DGP सारगप्रीत हुड्डा और SSP कंवरदीप कौर समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी।

जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने सिख बंदियों की रिहाई के अलावा पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की भी मांग की। हवारा अपनी बीमार मां से मिलने के लिए पैरोल की मांग कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल से हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की सिफारिश की थी। राज्यपाल की ओर से यह सिफारिश केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजे जाने की बात सामने आई है।

सिमरनजीत सिंह मान हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान को भी गवर्नर हाउस के नजदीक पहुंचने पर हिरासत में लिया गया।

हवारा ने की थी शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

प्रदर्शन से एक दिन पहले जेल में बंद हवारा का वीडियो सामने आया था। इसमें उसने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने और शरारती तत्वों से सावधान रहने की अपील की थी। उसने युवाओं से वालंटियर बनकर प्रदर्शन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा था। कौमी इंसाफ मोर्चा ने अब 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान किया है। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की है।

You may also like