CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले में ड्राई डे के दौरान अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 302 पौवा शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपए है। इसके अलावा शराब बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे 5 वाहन भी जब्त किए गए हैं।

दुर्ग में ड्राई डे पर अवैध शराब बेचते 12 आरोपी गिरफ्तार, 302 पौवा, 5 वाहन जब्त
10 अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की दबिश
दुर्ग पुलिस के अनुसार 1 और 2 अक्टूबर 2026 को मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने थाना दुर्ग, मोहन नगर, पद्मनाभपुर, उतई और चौकी अंजोरी क्षेत्र में कुल 10 अलग-अलग स्थानों पर दबिश और घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 12 आरोपियों को पकड़ा। तलाशी में 302 पौवा अवैध शराब मिली। पुलिस ने शराब के साथ 3 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी और 1 ई-रिक्शा भी जब्त किया है। इन वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.15 लाख रुपए बताई गई है। शराब और वाहनों समेत जब्त सामग्री का मूल्य 2.49 लाख रुपए से अधिक बताया गया है। बिक्री से संबंधित रकम भी अलग-अलग प्रकरणों में जब्त की गई है।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में ध्रुवराम पारधी (57), यशवंत देशलहरे (30), लोमेन्द्र कुमार (33), दाबीराम ढीमर (23), मिथलेश ढीमर (23), खरी चोथू (33), प्रकाश सारथी (32), अलताफ हुसैन (45), गजानंद चंदेल (30), मनीष मांडले (30), गोपाल तेलभुलकर (56) और राजू मांझी (50) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अलग-अलग स्थानों पर शराब रखकर ग्राहकों को बेचने की गतिविधि में शामिल होने के आरोप में पकड़े गए। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई
अवैध शराब बिक्री के अलावा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। दुर्ग पुलिस के मुताबिक ऐसे मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत पृथक कार्रवाई की गई है।
ऑपरेशन विश्वास के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय रखा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री, नशे की तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
